मसूरी जाम में फंसी एंबुलेंस ने खोली मसूरी की ट्रैफिक व्यवस्था की पोल स्प्रिंग रोड पर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस घंटों फंसी,

Blog
 Image


पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार बढ़ती यातायात समस्या अब लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगी है। शुक्रवार को स्प्रिंग रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गंभीर मरीज को लेकर देहरादून जा रही एंबुलेंस भीषण जाम में फंस गई। संकरी सड़क और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे मरीज की हालत को देखते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्प्रिंग रोड पर लंबे समय से सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग की समस्या बनी हुई है। शुक्रवार को भी सड़क पर दोनों ओर वाहन खड़े होने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसी दौरान मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस जाम में फंस गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। मरीज की बिगड़ती हालत को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्काल वैकल्पिक मार्ग की तलाश की। इसके बाद आईटीबीपी अधिकारियों से संपर्क कर विशेष अनुमति ली गई। आईटीबीपी ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए अपने परिसर के मार्ग का उपयोग करने की अनुमति दी। इसके बाद एंबुलेंस को आईटीबीपी मार्ग से गैजमेंट होते हुए सुरक्षित रूप से देहरादून के लिए रवाना किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि स्प्रिंग रोड पहले से ही संकरी सड़क है, लेकिन इसके बावजूद कुछ होटल और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े वाहन सड़क किनारे खड़े किए जा रहे हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति पैदा होती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शुक्रवार की घटना ने यह साबित कर दिया कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का आरोप है कि यातायात व्यवस्था को लेकर केवल दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। स्थानीय लोगों ने उप जिला चिकित्सालय मसूरी जाने वाले मार्ग की स्थिति पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि अस्पताल मार्ग पर भी अक्सर सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं। यदि किसी गंभीर मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना पड़े तो वहां भी इसी प्रकार की समस्या सामने आ सकती है। इन दिनों मसूरी में पर्यटकों की भारी आमद है। शहर की सीमित सड़कें वाहनों के बढ़ते दबाव को झेलने में असमर्थ साबित हो रही हैं। माल रोड, लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस, स्प्रिंग रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में आपातकालीन सेवाओं का प्रभावित होना प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका से मांग की है कि स्प्रिंग रोड और अस्पताल मार्ग पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही पर्यटन सीजन में आपातकालीन वाहनों के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में किसी मरीज की जान खतरे में न पड़े।