मसूरी में स्कूटी सवार युवकों से मारपीट का आरोप, जान से मारने की धमकी देने पर मुकदमा दर्ज

Blog
 Image


पिक्चर पैलेस क्षेत्र में हुई घटना, पुलिस ने शुरू की जांच, शिकायतकर्ता बोला- रास्ते में रोककर की मारपीट और गाली-गलौज

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में मारपीट और विवाद की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामले में पिक्चर पैलेस क्षेत्र में स्कूटी सवार दो युवकों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को मनोज रावत निवासी नगर पालिका मसूरी ने थाना कोतवाली मसूरी पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 13 मई की रात वह अपने साथी गिरी चंद नौटियाल के साथ स्कूटी से पिक्चर पैलेस होते हुए अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान आशीष रावत ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उन्हें रास्ते में रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली मसूरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 13/26 धारा 115(2), 351 और 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से मसूरी में देर रात विवाद और मारपीट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे शहर की शांत छवि प्रभावित हो रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।