रीढ़ की गंभीर चोट से जूझ रहे मरीज को मिला सहारा, पहली बार खुद बाहर निकले महिपाल
लंढौर कम्युनिटी हॉस्पिटल और रोटरी क्लब की पहल बनी उम्मीद की मिसाल
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में मानव सेवा और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली, जब रोटरी क्लब ऑफ मसूरी ने जोरी गांव निवासी महिपाल सिंह को मोटराइज्ड सेल्फ-ड्राइव व्हीलचेयर भेंट कर उन्हें नई जिंदगी और आत्मनिर्भरता की सौगात दी। रोटरी क्लब ऑफ मसूरी के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस पहल ने न केवल एक जरूरतमंद व्यक्ति को नई उम्मीद दी, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया। बताया गया कि महिपाल सिंह गंभीर रीढ़ की चोट के बाद लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ थे और उनका उपचार लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल के पैलिएटिव केयर विभाग द्वारा किया जा रहा था। अस्पताल की मेडिकल टीम कई महीनों से उनकी देखभाल करते हुए पुनर्वास, चिकित्सीय सहायता और मानसिक संबल प्रदान कर रही थी। विशेष चिकित्सीय मूल्यांकन के बाद अस्पताल की टीम ने महसूस किया कि मोटराइज्ड व्हीलचेयर महिपाल सिंह की गतिशीलता, आत्मनिर्भरता और जीवन गुणवत्ता में बड़ा बदलाव ला सकती है। इसके बाद अस्पताल ने रोटरी क्लब ऑफ मसूरी से सहायता का अनुरोध किया। रोटरी क्लब ने इस पहल को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सहयोग का निर्णय लिया। क्लब के डायरेक्टर कम्युनिटी सर्विस रजत अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विपुल मित्तल, मनोरंजन त्रिपाठी, रोटेरियन अशोक कोहली और अन्य सदस्यों ने मिलकर फंडरेजिंग अभियान चलाया। सफल सहयोग के बाद फिडम मूव विदआउट लीमीट मॉडल की इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर खरीदी गई और महिपाल सिंह को सौंप दी गई। व्हीलचेयर हस्तांतरण समारोह के दौरान एक बेहद भावुक पल तब आया जब महिपाल सिंह पहली बार अपनी मोटराइज्ड व्हीलचेयर के सहारे स्वयं अपने कमरे से बाहर निकले और खुले वातावरण का अनुभव किया। इस दृश्य ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। परिवारजनों और अस्पताल कर्मियों के चेहरों पर भी खुशी साफ दिखाई दी। इस अवसर पर दीपक अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा संस्थानों के साथ मिलकर इस प्रकार की पहल आगे भी जारी रहेंगी ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके। वहीं अस्पताल की टीम ने भी रोटरी क्लब के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस व्हीलचेयर से महिपाल सिंह के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और वह पहले की तुलना में अधिक आत्मनिर्भर महसूस करेंगे।कार्यक्रम में रोटरी क्लब अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मनोरंजन त्रिपाठी,रजत अग्रवाल, प्रेसिडेंट-इलेक्ट अश्वनी मित्तल, डॉ. जॉय जोशुआ और अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।

