जल निकासी, बाढ़ सुरक्षा और सुरक्षा दीवारों के कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
संतला देवी झील परियोजना की फाइलें शीघ्र पूरी करने को कहा
मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सिंचाई विभाग के विकास कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों के इस्टीमेट शीघ्र तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लिया जाए। बैठक में ब्रजलोक कॉलोनी, दून विहार, गल्जवाड़ी इंद्रानगर, जैंतनवाला, चंद्रोटी, गुनियाल गांव और गजियावाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी, सुरक्षा दीवार, आरसीसी पाइप लाइन और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं को शासन स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है, उनका कार्य तत्काल शुरू किया जाए। साथ ही जिन प्रस्तावों की स्वीकृति लंबित है, उनके लिए लगातार शासन स्तर पर फॉलोअप किया जाए ताकि विकास कार्यों में देरी न हो। बैठक में संतला देवी क्षेत्र में प्रस्तावित झील निर्माण परियोजना पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना से संबंधित सभी कागजी कार्यवाही जल्द पूरी करने और निर्माण कार्य समय पर शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर है और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।बैठक में भूपेंद्र कठैत, सुभाष चंद्र, शंकर कुमार साहा, संजय राज, दीक्षांत, पुरुषोत्तम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

