मसूरी। लगातार बारिश और खराब मौसम भी मसूरी के बच्चों और युवाओं के उत्साह को नहीं रोक सका। केल्लॉग्स चर्च, लढौर लैंग्वेज स्कूल के निकट आयोजित 22वीं ‘रन फॉर नेशन’ क्रॉस-कंट्री दौड़ में 426 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर खेल भावना, अनुशासन, स्वास्थ्य और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बारिश के बीच रेनकोट पहने प्रतिभागियों को दौड़ते देख आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। मसूरी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन ने रोटरी क्लब ऑफ मसूरी और नगर पालिका परिषद मसूरी के सहयोग से दौड़ का आयोजन किया। प्रतियोगिता में मसूरी के विभिन्न हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक, कोच, स्वयंसेवक और अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
दौड़ को 12 वर्गों में बांटा गया था। इसमें 10 वर्ष से कम, 12 वर्ष से कम, 14 वर्ष से कम, 16 वर्ष से कम, 19 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिका वर्ग के साथ ओपन बालक और बालिका वर्ग शामिल रहे। बारिश के बावजूद प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ दौड़ पूरी की। आयोजकों ने बताया कि ‘रन फॉर नेशन’ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
लगातार बारिश के बीच प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए शिक्षक, कोच, स्वयंसेवक, रोटरी क्लब और डैॅ। के सदस्य पूरे समय व्यवस्थाओं में जुटे रहे। कई स्वयंसेवक रेनकोट पहनकर प्रतिभागियों के मार्गदर्शन और आयोजन व्यवस्था में लगे रहे। करीब 30 शिक्षक और स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने भी आयोजन में सहयोग किया। प्रतियोगिता के समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, रोटरी क्लब ऑफ मसूरी के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल, मसूरी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र राणा और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर रोटरी क्लब से पीपी शैलेन्द्र करनवाल, नूपुर करनवाल कैंटूरा और पीपी मनोरंजन त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। मसूरी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन की ओर से सैमुएल चंद्रा, समीर रैना, परविंदर रावत सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने कहा कि बारिश के बावजूद 426 प्रतिभागियों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि मसूरी में बच्चों और युवाओं के बीच खेलों के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। उन्होंने केल्लॉग्स चर्च लढौर लैंग्वेज स्कूल, आईटीएम मसूरी, सभी विद्यालयों, प्रतिभागियों, अभिभावकों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया।

