मसूरी हेरिटेज कप में अब चार दावेदार, सेमीफाइनल का रोमांच आज; मैनोराइट ने 10 गोल दागकर किया धमाका

Blog
 Image


मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज में चल रहे 53वें हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांच अब चरम पर पहुंच गया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद प्रतिष्ठित खिताब के लिए चार टीमें अंतिम चार में पहुंच गई हैं। मंगलवार को मसूरी यूनाइटेड फुटबॉल क्लब, विनबर्ग एलन स्कूल ए टीम और मैनोराइट ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। वहीं सेंट जॉर्ज कॉलेज ए टीम पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुकी है। सबसे बड़ी जीत मैनोराइट के नाम रही, जिसने ब्लू फुटबॉल क्लब को 10-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में धमाकेदार प्रवेश किया। अब 12 अगस्त को मैनोराइट का सामना मेजबान सेंट जॉर्ज कॉलेज ए टीम से होगा। पहले मुकाबले में मसूरी यूनाइटेड फुटबॉल क्लब ने युवा स्पोर्ट्स क्लब को 3-0 से शिकस्त दी। प्रताप ने 14वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। अभिषेक ने 34वें मिनट में दूसरा गोल किया, जबकि सोमन ने 48वें मिनट में तीसरा गोल दागकर जीत पक्की कर दी। मसूरी यूनाइटेड ने पूरे मुकाबले में आक्रामकता के साथ संयमित खेल का प्रदर्शन किया और युवा स्पोर्ट्स क्लब को वापसी का मौका नहीं दिया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में विनबर्ग एलन स्कूल ए टीम ने सेंट जॉर्ज कॉलेज बी टीम को 3-0 से हराया। राल्टे ने 16वें मिनट में पहला गोल किया। नोरजोंगडी ने 33वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद 60वें मिनट में नोरजोंगडी ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी। विनबर्ग एलन की संगठित रक्षापंक्ति और बेहतरीन फिनिशिंग ने उसे अंतिम चार में पहुंचा दिया। सेमीफाइनल में उसका मुकाबला मसूरी यूनाइटेड से होगा। दिन के सबसे एकतरफा मुकाबले में मैनोराइट ने आक्रामक फुटबॉल की मिसाल पेश करते हुए ब्लू फुटबॉल क्लब को 10-0 से हराया। कृतार्थ इस मुकाबले के स्टार रहे। उन्होंने 2वें, 37वें, 55वें और 62वें मिनट में चार गोल दागे। भशाशंक ने 29वें, अर्जुन ने 60वें, श्रेय ने 68वें और 70वें तथा नमन ने 71वें मिनट में गोल किए। मुकाबले के दौरान ब्लू फुटबॉल क्लब की ओर से 64वें मिनट में आत्मघाती गोल भी हुआ। लगातार गोलों की बारिश के चलते मैनोराइट ने 10-0 की विशाल जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल के बाद अब हेरिटेज कप की ट्रॉफी के लिए मुकाबला सीधे निर्णायक दौर में पहुंच गया है। 12 अगस्त को पहला सेमीफाइनल सेंट जॉर्ज कॉलेज ए टीम और मैनोराइट के बीच, जबकि दूसरा सेमीफाइनल विनबर्ग एलन स्कूल ए टीम और मसूरी यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के बीच खेला जाएगा। मैनोराइट की 10-0 की जीत के बाद उसके आत्मविश्वास को देखते हुए सेंट जॉर्ज कॉलेज ए टीम के सामने कड़ी चुनौती होगी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में विनबर्ग एलन और मसूरी यूनाइटेड के बीच भी कांटे की टक्कर की उम्मीद है। दोनों विजेता टीमें हेरिटेज कप के फाइनल में पहुंचेंगी। मुकाबलों का संचालन पुष्कर सिंह गुसाईं, प्रदीप नेगी, प्रशांत रावत, मिलन और अनिश छेत्री ने किया। इस मौके पर ब्रदर जेयसीलन एस., ब्रदर ब्रिट्टो, ब्रदर सिल्वानुस केरकेट्टा, ब्रदर लॉरेंस कुजूर, ब्रदर नितिन मिटरली, आनंद थापा और भवनेश नेगी के मार्गदर्शन में सेंट जॉर्ज कॉलेज के खेल विभाग के लोग मौजूद रहे।