दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत मसूरी में आयोजित कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीतियों के साथ केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है, जिसका मुख्य कारण मजबूत नेतृत्व और समय पर लिए गए प्रभावी निर्णय हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर हैं।
2027 चुनाव को लेकर दिया संदेश
पत्रकारों से बातचीत में गणेश जोशी ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी।
विपक्ष पर निशाना
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल चुनाव के समय “पर्यटक” की तरह आते हैं और बाद में गायब हो जाते हैं, लेकिन जनता जानती है कि किसने धरातल पर काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने आंतरिक विवादों में उलझी हुई है और उसे पहले अपने संगठन को संभालना चाहिए।
विकास कार्यों पर अपडेट
कैबिनेट मंत्री ने मसूरी-देहरादून मार्ग पर दूसरे वैली ब्रिज के निर्माण को लेकर बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि निर्माण में देरी का कारण पेड़ों को हटाने की अनुमति लेना था, जो अब पूरी हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 16 अप्रैल तक दूसरा ब्रिज तैयार कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि स्थायी पुल (पक्का पुल) निर्माण का प्रस्ताव भी पास हो चुका है, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था और मजबूत होगी।
आपदा राहत और जनसेवा का जिक्र
गणेश जोशी ने कहा कि हालिया आपदा के दौरान उनकी विधानसभा क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ, लेकिन सरकार ने तुरंत राहत पहुंचाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं विभिन्न माध्यमों से करीब 5 करोड़ रुपये की सहायता पीड़ितों को उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सरकार हर कदम पर जनता के साथ खड़ी रही, जिससे लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
गैस संकट पर भी बोले
मसूरी में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से बात की गई है और कमर्शियल गैस सिलेंडर का कोटा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिल सके।
‘विकास ही प्राथमिकता’
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का मुख्य लक्ष्य विकास कार्यों को और तेज करना है। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को न केवल पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जा रहा है, बल्कि उन्हें जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए भी तैयार किया जा रहा है इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी सरकार की योजनाओं के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए उन्हें आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, सतीश ढौंडियाल, सहित मसूरी मंडल के भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

