मसूरी-देहरादून मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए निर्माणाधीन वैली ब्रिज को लेकर सरकार ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले हर हाल में कार्य पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों से प्रगति रिपोर्ट ली तथा गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थायी पुल के निर्माण से पूर्व यातायात सुचारू रखने के लिए अस्थायी (टेंपरेरी) वैली ब्रिज बनाने के निर्देश दिए थे। उसी के तहत अब निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि मसूरी-देहरादून मार्ग प्रदेश के प्रमुख पर्यटन मार्गों में से एक है, जहां सीजन के दौरान भारी यातायात दबाव रहता है। ऐसे में वैली ब्रिज के तैयार होने से जाम की समस्या में कमी आएगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, जिससे उत्तराखंड की छवि और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। वैली ब्रिज के निर्माण से न केवल पर्यटन सीजन में यातायात सुचारू होगा, बल्कि रोजाना सफर करने वाले स्थानीय लोगों को भी लंबे जाम से निजात मिलेगी।

