पहाड़ों की रानी मसूरी में अग्रवाल महासभा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई गई। अग्रसेन अप्पर माल रोड स्थित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान निशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। कार्यक्रम में समाजहित में कार्य करने वाले अग्रबंधुओं को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अग्रवाल महासभा मसूरी के संरक्षक धन प्रकाश अग्रवाल को उत्तरांचल अग्रवाल सभा का प्रदेश संरक्षक बनाए जाने की घोषणा भी की गई। इस अवसर पर समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले अग्र बंधुओं का सम्मान किया गया।
पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की 5185वीं जयंती मनाई जा रही है। उनके जीवन और विचारों से आज भी समाज को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन का ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत समाज में सहयोग, समानता और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आगे बढ़ाने का संदेश देता है। इस परंपरा का उद्देश्य जरूरतमंदों को सहारा देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना था। उन्होंने सभी से महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग पर चलने और सेवा भावना को अपनाने की अपील की।
अग्रवाल महासभा मसूरी के अध्यक्ष अनुज अग्रवाल ने कहा कि परंपरा के अनुसार हर वर्ष नवरात्र के पहले दिन महाराजा अग्रसेन जयंती मनाई जाती है। इस आयोजन में अग्रवाल समाज के साथ अन्य समाजों के लोग भी शामिल होकर महाराजा अग्रसेन का स्मरण करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समानता और सामाजिक सहयोग को महत्व दिया। ‘एक ईंट, एक रुपया’ का संदेश समाज के समर्थ लोगों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करता है। अग्रवाल समाज गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है।उन्होंने महाराजा अग्रसेन के अहिंसा के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने यज्ञों में पशु बलि का विरोध किया और इसके स्थान पर नारियल की आहुति जैसी परंपरा को बढ़ावा दिया। उनके विचार आज भी मानवता, करुणा और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।अग्रवाल महासभा के महामंत्री संदीप अग्रवाल ने कार्यक्रम के आयोजन, समाज की भागीदारी और सेवा गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को केवल जयंती तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सहयोग के माध्यम से ही उनके विचारों को आगे बढ़ाया जा सकता है। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, रजत अग्रवाल, सभासद विजय रमोला, अनिता धनाई, विजय विंदवाल, अनिल गोयल, कुशाल राणा, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, आयुश बंसल, मोहित गुप्ता, अनंत प्रकाश कंसल, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सोनम अग्रवाल, शिखा गोयल, अश्वनी मित्तल, सुरेष गोयल, जगजीत कुकरेजा, नागेन्द्र उनियाल सहित कई लोग मौजूद थे।

