govt-ads

दो साल से रास्ते की राह देख रहे मसूरी के खेतवाला के ग्रामीण, ग्रामीणों ने मंत्री गणेश जोशी से की मुलाकात

Blog
 Image


मसूरी। ग्राम पंचायत चामासारी के खेतवाला गांव के ग्रामीण पिछले करीब दो वर्षों से क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को ग्राम प्रधान विक्रम रावत की अगुवाई में खेतवाला के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके कार्यालय में मुलाकात कर गांव की सड़क और संपर्क मार्ग से जुड़ी समस्याएं उठाईं।ग्राम प्रधान विक्रम रावत ने बताया कि खेतवाला गांव को जोड़ने वाला एकमात्र रास्ता करीब दो साल पहले क्षतिग्रस्त होकर ढह गया था, लेकिन अब तक वहां निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जब गांव का एकमात्र रास्ता ही सुरक्षित नहीं है, तो ग्रामीणों के लिए रोजमर्रा की आवाजाही करना बड़ी चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि क्षतिग्रस्त रास्ते का जल्द निर्माण होगा, लेकिन लंबे समय से काम शुरू नहीं होने के कारण उनकी परेशानी बनी हुई है। विक्रम रावत ने मंत्री के सामने बार्लाेगंज से चामासारी तक मोटर मार्ग के शेष तीन किलोमीटर हिस्से का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि सड़क का बचा हुआ हिस्सा बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों का संपर्क बेहतर होगा। इसके साथ ही मौसीफॉल के समीप मोटर पुल निर्माण की जरूरत पर भी जोर दिया गया, ताकि स्थानीय लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं गांव के विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इनका अभाव केवल आवाजाही को प्रभावित नहीं करता, बल्कि ग्रामीणों के दैनिक कामकाज और आपात स्थिति में आवागमन को भी मुश्किल बना सकता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त रास्ते का निर्माण, सड़क के शेष हिस्से को पूरा करना और मौसीफॉल के पास मोटर पुल बनाना क्षेत्र की प्राथमिक जरूरत है।ग्राम प्रधान विक्रम रावत और ग्रामीणों ने मंत्री गणेश जोशी से मांग की कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए, ताकि खेतवाला सहित चामासारी क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।