शहीद भगत सिंह चौक से गांधी चौक तक निकाली संकीर्तन यात्रा, श्री कृष्ण के जयघोष से भक्तिमय हुआ शहर
मसूरी, 12 जुलाई (नवोदय टाइम्स)
मसूरी। भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा से पहले रविवार को पहाड़ों की रानी मसूरी पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगी नजर आई। मधुबन आश्रम, ऋषिकेश एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हरिनाम संकीर्तन ने शहर के प्रमुख बाजारों में आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। शहीद भगत सिंह चौक से गांधी चौक तक निकली संकीर्तन यात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, मृदंग, करताल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के साथ भगवान का गुणगान करते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में ष्हरे कृष्ण-हरे रामष् और ष्जय जगन्नाथष् के जयघोष गूंजते रहे। आयोजकों ने बताया कि 16 जुलाई को मसूरी में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा दोपहर 12 बजे सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर माल रोड, लक्ष्मी नारायण मंदिर होते हुए गांधी चौक तक पहुंचेगी। सुसज्जित रथों में विराजमान भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, प्रेम, सेवा और सनातन संस्कृति का महापर्व भी है। श्रद्धालुओं को रथ खींचने का पुण्य लाभ मिलेगा, जबकि पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, पुष्प वर्षा और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रथयात्रा को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पेयजल, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों ने मसूरी, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में सहभागिता आध्यात्मिक ऊर्जा और लोककल्याण का संदेश देती है। हरिनाम संकीर्तन में लोकप्रसिद्ध परमानंद दास जी महाराज, अजीत यादव, मुकुल शर्मा, हर्ष कौशल, रजत अग्रवाल, नागेंद्र उनियाल, सुनील शर्मा, सोनू प्रताप, राहुल बिष्ट, दीपक गुप्ता, अशोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

