आधी रात को थम गई मसूरी की रफ्तार, भूस्खलन से बंद हुआ देहरादून-मसूरी मार्ग; घंटेभर बाद बहाल हुआ यातायात

Blog
 Image


मसूरी। लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार देर रात देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर भूस्खलन होने से एक बार फिर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। रात करीब 12 बजे हनुमान मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मसूरी-देहरादून मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग अवरुद्ध होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को देर रात तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार गलोगी की पहाड़ी से आगे हनुमान मंदिर के समीप तेज बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया और बड़ी मात्रा में मलबा व चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। गनीमत रही कि उस समय कोई वाहन सीधे मलबे की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि सड़क बंद होने से कई चारपहिया और दोपहिया वाहन बीच रास्ते में फंस गए।
सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने करीब एक घंटे तक लगातार राहत कार्य चलाकर सड़क पर फैले मलबे और बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाया। इसके बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया और दोनों ओर फंसे वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने बताया कि लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भूस्खलन संभावित स्थानों पर पहले से ही जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं, ताकि कहीं भी मलबा आने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर सड़क को जल्द से जल्द खोला जा सके। संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने, पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।