मसूरी में बिजली सेवाओं का लिया फीडबैक, समस्याओं का मौके पर किया समाधान; सड़क चौड़ीकरण में बीच सड़क खड़े पोल भी बने चर्चा का विषय
मसूरी। बिजली उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करने और विद्युत सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने मसूरी में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया। प्रबंध निदेशक पी.सी.ध्यानी के निर्देश पर ऊर्जा भवन से पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से मुलाकात कर बिजली आपूर्ति, शिकायतों और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी ली। अभियान के दौरान अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से पूछा कि उन्हें बिजली आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। अधिकांश उपभोक्ताओं ने बताया कि मसूरी में विद्युत सेवाएं संतोषजनक हैं और खराब मौसम या तेज बारिश के दौरान यदि कहीं आपूर्ति बाधित भी होती है तो विभाग की टीम शीघ्र ही उसे बहाल कर देती है। लोगों ने विभाग की त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना भी की। हालांकि कई स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान बीच सड़क पर खड़े रह गए बिजली के पोलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इस पर विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण से संबंधित विभाग द्वारा यूपीसीएल को औपचारिक पत्राचार किए जाने के बाद नियमानुसार पोलों को स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान मुख्य अभियंता राजकुमार नें उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मसूरी में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। शुरुआत में जनप्रतिनिधियों और कुछ चयनित उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, ताकि लोग स्वयं पुराने और स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली की तुलना कर सकें। अधिकारियों ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर फैलाई जा रही कई भ्रांतियां तथ्यहीन हैं। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को अधिक पारदर्शिता, सटीक बिलिंग और बिजली खपत की वास्तविक जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि विभाग एक ही परिसर में पुराने और स्मार्ट मीटर लगाकर भी प्रदर्शन करेगा, जिससे उपभोक्ता स्वयं दोनों की रीडिंग और बिलिंग की तुलना कर सकेंगे। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि यूपीसीएल का उद्देश्य केवल बिजली उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत करना भी है। यदि किसी उपभोक्ता को बिजली बिल, मीटर, वोल्टेज या अन्य किसी प्रकार की समस्या है तो वह विभागीय कार्यालय या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकता है, जहां उसकी शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अभियंता राजकुमार, अधीक्षण अभियंता राहुल जैन, अधिशासी अभियंता एस.डी.एस. बिष्ट, मसूरी एएसडीओ पंकज थपलियाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

