मसूरी में ‘पिस्टल लहराने’ का वीडियो पड़ा भारी, पुलिस ने फॉर्च्यूनर रोकी तो खुली हकीकत

Blog
 Image


मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में सड़क पर कथित तौर पर पिस्टल लहराकर हुड़दंग मचाने का मामला सामने आने के बाद मसूरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक फॉर्च्यूनर वाहन को रोककर जांच की। जांच में जिस हथियार को देखकर लोगों में दहशत फैल गई थी, वह असली नहीं बल्कि गैस लाइटर के रूप में इस्तेमाल होने वाली नकली पिस्टल निकली। हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की और नकली पिस्टल को कब्जे में ले लिया। मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि कि  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों और क्षेत्राधिकारी मसूरी के पर्यवेक्षण में इन दिनों यातायात नियमों के पालन और हुड़दंगियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर एक वाहन में सवार व्यक्ति द्वारा पिस्टल जैसी वस्तु लहराई जा रही है, जिसका वीडियो भी किसी राहगीर ने बनाकर वायरल कर दिया। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस सक्रिय हुई और टिहरी बाईपास क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर वाहन संख्या यूपी14डीआर1000 फॉर्च्यूनर को रोक लिया। वाहन की जांच करने पर पता चला कि उसे गाजियाबाद निवासी विक्की गर्ग चला रहा था। चालक ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ उत्तराखंड घूमने आया हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि वाहन में बैठे एक रिश्तेदार ने मजाक या प्रदर्शन के उद्देश्य से नकली पिस्टलनुमा गैस लाइटर को बाहर लहराया था।पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो कथित हथियार बरामद हो गया, जो जांच में गैस लाइटर के रूप में इस्तेमाल होने वाली नकली पिस्टल निकला। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की हरकतें लोगों में भय और भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती हैं तथा कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं।उमसूरी पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए नकली पिस्टल/गैस लाइटर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, स्टंटबाजी या हथियारों जैसी वस्तुओं का प्रदर्शन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दपुलिस ने पर्यटकों और आम नागरिकों से अपील की है कि उत्तराखंड की शांत व पर्यटन संस्कृति का सम्मान करें तथा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे अन्य लोगों में डर या असुरक्षा की भावना पैदा हो। मसूरी पुलिस ने चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।