मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के ऐतिहासिक लंढौर क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को लेकर नगर पालिका परिषद अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी स्वयं मैदान में उतरीं और लंढौर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और कार्य की गति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान सड़क खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइन का मामला भी सामने आया। इस पर अध्यक्ष मीरा सकलानी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जल संस्थान के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और सीवर पाइप की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका परिषद मसूरी का लक्ष्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ष्स्वच्छ मसूरी, सुंदर मसूरी और समृद्ध मसूरीष् की परिकल्पना को धरातल पर उतारना है। इसके लिए विकास कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों ने भी पालिका अध्यक्ष के निरीक्षण को सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा। लंढौर क्षेत्र मसूरी का प्रमुख पर्यटन और व्यापारिक केंद्र होने के कारण यहां बेहतर सड़कें और मजबूत आधारभूत सुविधाएं न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि हजारों पर्यटकों को भी राहत प्रदान करेंगी। पालिका प्रशासन का कहना है कि बेहतर सड़कें, सुरक्षित यातायात और व्यवस्थित विकास के माध्यम से मसूरी को और अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाया जा रहा है। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से भी विकास कार्यों में सहयोग करने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में भागीदारी निभाने की अपील की है।

