मसूरी में ‘रोजगार का रोटेशन मॉडल’, गोल्फ कार्ट संचालन से लेकर रिक्शा चालकों के पुनर्वास तक नई पहल

Blog
 Image


मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में आज रोजगार के समान अवसर और सामाजिक संवेदनशीलता को केंद्र में रखकर एक अहम पहल की गई। नगर पालिका परिषद मसूरी के सभागार में आयोजित समन्वय बैठक में प्रशासन और मजदूर संघ के बीच कई ऐसे फैसले लिए गए, जो न सिर्फ आजीविका के वितरण को संतुलित करेंगे, बल्कि कमजोर वर्गों के लिए राहत का रास्ता भी खोलेंगे। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने की। इस दौरान गोल्फ कार्ट संचालन को लेकर लंबे समय से चली आ रही व्यवस्था में बदलाव करते हुए “रोटेशन सिस्टम” लागू करने का निर्णय लिया गया। अब तक 14 गोल्फ कार्ट का संचालन सीमित 14 लोगों के हाथों में था, लेकिन नए फैसले के तहत मजदूर संघ के अन्य 14 सदस्यों को भी बारी-बारी से यह जिम्मेदारी दी जाएगी। इस फैसले को सिर्फ प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि “रोजगार के लोकतंत्रीकरण” की दिशा में कदम माना जा रहा है। पर्यटन सीजन में गोल्फ कार्ट संचालन एक अहम आय का जरिया है, ऐसे में रोटेशन प्रणाली से अधिक लोगों को फायदा मिलेगा। खास बात यह रही कि मजदूर संघ ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया, जिससे आपसी सहमति और सहयोग का संदेश भी गया। बैठक का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा रहा। रिक्शा चालक वर्ग की 13 विधवा महिलाओं के लिए “वन टाइम सेटलमेंट योजना” पर चर्चा की गई। अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संघ को निर्देश दिया कि पात्र महिलाओं की सूची जल्द प्रस्तुत की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता या पुनर्वास का लाभ मिल सके। यह पहल उन महिलाओं के लिए राहत बन सकती है, जो लंबे समय से आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रही हैं। इससे यह भी संकेत मिलता है कि पालिका अब सिर्फ संचालन नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों पर भी सक्रिय हो रही है। बैठक में मजदूर संघ ने एक और अहम मुद्दा उठाया कि कई रिक्शा चालक अब इस पेशे से बाहर निकलना चाहते हैं। ऐसे लोगों को भी वन टाइम सेटलमेंट योजना का लाभ देने की मांग रखी गई। इस पर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय बजट की उपलब्धता और संघ की सहमति के आधार पर लिया जाएगा। बैठक में पालिका प्रशासन और मजदूर संघ के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।बैठक में पालिका प्रशासन की ओर से अध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, सभासद अमित भट्ठ, सचिन गुहेर,  शिवानी भारती एवं गौरी थपलियाल सहित मजदूर संघ की ओर से अध्यक्ष संपत लाल, महामंत्री शोभन सिंह पंवार, गंभीर सिंह पंवार, महिपाल रावत, घिमानन्द, रंजीत सिंह चौहान, संजय टम्टा, धीरेंद्र ्लाल एवं संघ के अन्य  सदस्य मौजूद रहे।