मसूरी में बारिश में भी नहीं थमा उत्साह, महिला कांग्रेस ने निकाली बाइक रैली

Blog
 Image


मसूरी। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को मसूरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। महिला कांग्रेस की ओर से जहां बारिश के बीच बाइक रैली निकालकर सद्भावना और एकता का संदेश दिया गया, वहीं मसूरी कांग्रेस भवन में भी राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। महिला कांग्रेस की बाइक रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए गांधी चौक पहुंची। लगातार बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। गांधी चौक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देश में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया गया । वहीं, मसूरी कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के जीवन और राजनीतिक सफर पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के विकास और आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में देश में तकनीक, संचार और शिक्षा के क्षेत्र में नई सोच को बढ़ावा मिला। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने देश को आधुनिक और प्रगतिशील बनाने का सपना देखा था। वक्ताओं ने उनके बताए रास्ते पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर ने कहा कि राजीव गांधी की जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य समाज में भाईचारे और एकता का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद महिलाओं ने बड़ी संख्या में बाइक रैली में हिस्सा लेकर राजीव गांधी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज के दौर में राजीव गांधी के विचार और आधुनिक भारत को लेकर उनकी सोच और भी प्रासंगिक हो जाती है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देशहित में आगे बढ़ने की जरूरत है। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा देश की एकता-अखंडता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर जोत सिंह गुनसोला, अमित गुप्ता, सुधा कंडारी, सोनम, सुनीता सेमवाल, कांता, नेहा, सोनी, गंगा, विमला, दीक्षा, गीता, खुशी, प्रकाष सहित कई लोग मौजूद थे।