देर रात परिवार ने किसी तरह घर से निकलकर बचाई जान, सामान पूरी तरह हुआ नष्ट; कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुआवजे के निर्देश दिए
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मसूरी-कैंपटी रोड पर सांझा दरबार के पास देर रात भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान और दुकान पूरी तरह धराशायी हो गए। हादसे के दौरान जब्बर सिंह का परिवार के लोग मकान के भीतर मौजूद थे, लेकिन खतरे को भांपते हुए उन्होंने किसी तरह समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके कुछ ही देर बाद मकान भरभराकर मलबे में तब्दील हो गया।
बताया जा रहा है कि देर रात बारिश के बीच अचानक मकान के आसपास जमीन खिसकने लगी। हालात बिगड़ते देख पीड़ित परिवार ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। परिवार के बाहर निकलने के कुछ ही समय बाद मकान और दुकान का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। भूस्खलन इतना जबरदस्त था कि मकान में रखा घरेलू सामान और दुकान का सामान भी मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मामले का संज्ञान लेते हुए मसूरी के उपजिलाधिकारी राहुल आनंद को पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा के नियमों के अनुरूप पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई तत्काल शुरू करने को कहा।मंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी मसूरी राहुल आनंद ने प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजकर आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कराया। टीम द्वारा भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित परिवार की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में भूस्खलन के कारणों और आसपास की स्थिति का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी अन्य मकान या परिवार पर खतरा होने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मसूरी में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सांझा दरबार के पास मकान और दुकान के धराशायी होने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में जमीन लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों का तत्काल सर्वे कराने और खतरे वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार और प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि परिवार ने अपना आशियाना और सामान खो दिया है, ऐसे में सरकारी सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी। फिलहाल प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन कर रही है और आपदा मानकों के तहत पीड़ित परिवार को राहत एवं मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

