राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर लायन्स क्लब मसूरी हिल्स ने समाज सेवा की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री राधा कृष्ण मंदिर, कुलड़ी में चिकित्सकों के सम्मान के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। शिविर में बलूनी हॉस्पिटल, देहरादून के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को परामर्श दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ चिकित्सकों के सम्मान समारोह से हुआ, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉक्टरों को समाज का सच्चा सेवक बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।शिविर में डॉ. उदय शंकर बलूनी ने पेट एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी से संबंधित समस्याओं, डॉ. संदीप कुमार टेडन ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायरॉयड और अन्य आंतरिक रोगों, डॉ. दिनेश नौटियाल एवं डॉ. विष्णु वाजपेयी ने हड्डी एवं जोड़ों की बीमारियों तथा डॉ. प्रीति पांडे ने महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।शिविर के दौरान लोगों की निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई। साथ ही मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और बीमारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। आवश्यक दवाओं पर भी विशेष छूट उपलब्ध कराई गई।लायन्स क्लब मसूरी हिल्स के अध्यक्ष अनुज तायल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य और सेवा की सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोग नियमित स्वास्थ्य जांच को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि समय पर जांच से कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता लगाकर उनका सफल उपचार संभव है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर डॉक्टरों का सम्मान करना उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। कोविड काल सहित हर कठिन समय में चिकित्सकों ने जिस समर्पण और सेवा भाव से कार्य किया, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। अनुज तायल ने बताया कि लायन्स क्लब मसूरी हिल्स आगे भी स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा, ताकि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब के महासचिव राजीव अग्रवाल, स्वास्थ्य चेयरमैन ए.एस. पंवार सहित क्लब के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों ने लायन्स क्लब और चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं हमेशा आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं।

