पर्यटन नगरी मसूरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद और संत निरंकारी मिशन की संयुक्त पहल रंग लाती दिखाई दे रही है। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से शुरू हुआ विशेष स्वच्छता अभियान लगातार एक सप्ताह से जारी है, जिसमें मिशन के स्वयंसेवक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। अभियान की शुरुआत नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी के अनुरोध पर की गई थी। इसके तहत संत निरंकारी मिशन के स्वयंसेवकों ने कचहरी रोड से गन हिल मार्केट तक, चिक चॉकलेट क्षेत्र के नीचे, लंढौर बाजार, साउथ रोड, कैमल्स बैक रोड की रेलिंग के नीचे जमा कूड़े-कचरे, डंपिंग जोन के मलबे तथा आर्य समाज मंदिर के नीचे के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने न केवल कूड़ा एकत्र कर उसका निस्तारण किया, बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान कई ऐसे स्थानों की सफाई की गई, जहां लंबे समय से कूड़ा और मलबा जमा होने से पर्यावरण और सौंदर्य दोनों प्रभावित हो रहे थे। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संत निरंकारी मिशन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह एवं सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मसूरी जैसे पर्यटन नगर को स्वच्छ बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छ और सुंदर मसूरी का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन के स्वयंसेवकों ने जिस समर्पण और सेवा भावना के साथ एक सप्ताह तक लगातार सफाई अभियान चलाया है, वह अन्य सामाजिक संगठनों और नागरिकों के लिए भी प्रेरणा स्रोत है।

