मसूरी होमस्टे मौत मामला, दिल्ली से दबोचा गया आरोपी, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

Blog
 Image


मसूरी-धनौल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत के बहुचर्चित मामले में मसूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के आधार पर आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला, देहरादून भेज दिया गया है। मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि थाना मसूरी में दर्ज मु.अ.सं. 19/2026 की विवेचना के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी सोमयाजुला चरण, पुत्र एम. दुर्गा प्रसाद, निवासी टावर-13, फेज-3, किवर्ड कुंजनगर, मधु विहार, पूर्वी दिल्ली के खिलाफ पर्याप्त आधार मिलने पर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी से गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था। वारंट के अनुपालन में पुलिस टीम ने नई दिल्ली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेजने के आदेश दिए।
15 जून को होमस्टे में मिली थी महिला की संदिग्ध मौत
गौरतलब है कि 15 जून 2026 को मसूरी-धनौल्टी रोड पर चौकी बाटाघाट क्षेत्र के अंतर्गत टिपरीधार स्थित कियाना होमस्टे में ठहरी श्रीमती पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। शुरुआत से ही मृतका की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। मृतका के परिजनों ने भी घटना पर संदेह व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की।
वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे बढ़ी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आने पर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। प्रकरण की विवेचना वर्तमान में क्षेत्राधिकारी मसूरी द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच अभी जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी के बाद बहुचर्चित होमस्टे मौत मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है। अब पुलिस की आगे की विवेचना और न्यायालय की प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हैं।