12 साल बाद लौटेगा मसूरी का शरदोत्सव, तैयारियों को अंतिम रूप , कार्यक्रम; बजट सार्वजनिक करने और चीनी लाइटों के इस्तेमाल पर सभासदों ने उठाए सवाल

Blog
 Image


मसूरी। 12 साल बाद आयोजित होने जा रहे मसूरी के शरदोत्सव को लेकर नगर पालिका परिषद की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। छह से 10 अक्टूबर तक होने वाले शरदोत्सव में स्थानीय कलाकारों से लेकर प्रदेश और देश के नामी कलाकारों को मंच देने की तैयारी है। पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि इस बार शरदोत्सव को यादगार और ऐतिहासिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं बैठक में कुछ सभासदों ने आयोजन के बजट को सार्वजनिक करने और सजावट में चीनी लाइटों के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। पालिका बोर्ड की बैठक में शरदोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों, स्थलों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि छह अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शरदोत्सव का शुभारंभ करेंगे। घंटाघर, शहीद स्थल, गांधी चौक और टाउन हॉल सहित विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव में स्कूली विद्यार्थियों, स्थानीय कलाकारों और प्रदेश की लोक संस्कृति को विशेष स्थान दिया जा रहा है। इसके साथ ही बड़े कलाकार भी कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। पालिका की कोशिश है कि पांच दिवसीय आयोजन में मसूरी की संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को व्यापक मंच मिले।
बैठक में सभासदों ने शरदोत्सव के आयोजन पर खर्च किए जा रहे बजट और विभिन्न मदों में होने वाले खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की मांग उठाई। सभासदों का कहना था कि आयोजन में पारदर्शिता के लिए खर्च का पूरा ब्योरा सामने आना चाहिए। सभासद सचिन गुहेेर ने शहर की सजावट में चीनी लाइटों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है, ऐसे में नगर पालिका को भी सजावट के लिए स्थानीय और स्वदेशी विकल्पों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रमों को लेकर पूछताछ पर शिवानी भारती ने जताई आपत्ति
सभासद शिवानी भारती ने कहा कि शरदोत्सव के तहत उनके स्तर से भी कुछ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके कार्यक्रमों को लेकर अनावश्यक पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पालिका अध्यक्ष से पूरे मामले की जांच कराने और यदि किसी स्तर पर अनुचित गतिविधि सामने आती है तो कार्रवाई की मांग की।
अमित भट्ट ने समितियों से दिया इस्तीफा
सभासद अमित भट्ट ने निजी पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए शरदोत्सव से जुड़ी सभी समितियों से अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने निजी कारणों से समितियों में जिम्मेदारी निभाने में असमर्थता जताई।
पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि सभासदों की ओर से उठाई गई आपत्तियों को संज्ञान में लिया जा रहा है और आवश्यकतानुसार उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है। पांच दिवसीय आयोजन में संस्कृति, संगीत, कला और स्थानीय प्रतिभाओं का ऐसा समागम कराने का प्रयास है, जिससे शरदोत्सव लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहे। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी गौरव वसीम, सभासद जसबीर कौर, पंकज खत्री, गौरी थपलियाल, पवन थलवाल, रणबीर कंडारी, विशाल खरोला, कुशाल राणा, अनिता धनाई, विजय विंदवाल, अनिल गोयल, विजय रमोला सहित पालिका के अधिकारी मौजूद थे।