बच्चों के स्वस्थ भविष्य और बेहतर शिक्षा के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ मसूरी ने शुक्रवार को सराहनीय पहल करते हुए सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज और सनातन धर्म संस्कृत पाठशाला में नेत्र एवं श्रवण स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर में 200 से अधिक छात्राओं और छात्रों की आंखों और कानों की विस्तृत जांच की गई, जबकि जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क चश्मे और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। यह शिविर रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष विनेश सांघल द्वारा अपने माता-पिता स्वर्गीय एल.सी. सांघल एवं बलासती सांघल की स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया। रोटरी क्लब ऑफ मसूरी के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि बच्चों में दृष्टि और श्रवण संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान बेहद आवश्यक है। कई बार बच्चे अपनी परेशानी को समझ नहीं पाते, जिससे उनकी पढ़ाई और मानसिक विकास प्रभावित होता है। ऐसे शिविर बच्चों को स्वस्थ और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिविर में सहयोग देने के लिए विवेकानंद नेत्रालय और रामकृष्ण मिशन आश्रम औषधालय के चिकित्सकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. साखाई देसाई ने बताया कि कई बार बच्चों को सुनने या देखने में परेशानी होती है, लेकिन वे इसे अपने अभिभावकों या शिक्षकों से साझा नहीं कर पाते। ऐसे स्वास्थ्य शिविर उनकी समस्याओं का प्रारंभिक स्तर पर पता लगाने और उपचार सुनिश्चित करने में मददगार साबित होते हैं। इससे बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन और आत्मविश्वास में भी सुधार आता है। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मधु ने बताया कि जांच के दौरान जिन बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई, उन्हें निरूशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। साथ ही उन्हें चश्मे के सही उपयोग और देखभाल के बारे में भी जानकारी दी गई। रोटरी क्लब के कम्युनिटी डायरेक्टर रजत अग्रवाल ने कहा कि क्लब भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा। उनका उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और समग्र विकास को भी बढ़ावा देना है। शिविर में रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष डी.के. जैन, मनोरंजन त्रिपाठी, पीई अश्वनी मित्तल, अशोक कोहली, शिवम अग्रवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

