govt-ads

मसूरी भट्टा फॉल के पास स्कूटी और बुलेट की भिड़ंत, चार युवक घायल

Blog
 Image

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर भट्टा फॉल क्षेत्र में रुद्राक्ष होटल के पास स्कूटी और बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर में चार युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब मोड़ पर बाइक सवार ट्रक से पास लेने का प्रयास कर रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बार्लाेगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए मैक्स अस्पताल, देहरादून भेजा गया। पुलिस के अनुसार, रविवार को सुबह 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर बार्लोगंज चौकी प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर स्कूटी संख्या यूके 07 एचके0522 और बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके07 एचके 9690 क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलीं।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कूटी सवार मसूरी से देहरादून की ओर जा रहे थे, जबकि बुलेट पर सवार युवक देहरादून से मसूरी की ओर आ रहे थे। रुद्राक्ष होटल के पास मोड़ पर ट्रक से पास लेने के दौरान दोनों दोपहिया वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी चालक विष्णु (27) पुत्र दिगंबर सिंह, निवासी डोईवाला, देहरादून के पैर और कंधे में चोटें आईं। स्कूटी पर पीछे बैठे गौरव सिंह चौहान (27) पुत्र प्रेम सिंह चौहान, निवासी नथुवाला, देहरादून को मामूली चोटें आईं। वहीं, बुलेट चालक धर पटेल (18) पुत्र कीर्ति पटेल, निवासी आशियाना ग्रैंड, पोंधा रोड, बिधौली, यूपीईएस क्षेत्र, देहरादून के पैर और गर्दन में चोटें आईं। बाइक पर पीछे बैठे आदित्य को भी मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर मोड़ों पर सावधानी बरतने और दूसरे वाहनों से पास लेते समय सतर्क रहने की जरूरत सामने आई है।