मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के माल रोड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अनियंत्रित गोल्फ कार्ट अचानक ब्रॉडवे ऑप्टिकल की दुकान में जा घुसी। हादसे के दौरान दुकान के बाहर खड़े लोग बाल-बाल बच गए, जबकि एक बालिका को हल्की चोट आने की सूचना है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हड़कंप का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोल्फ कार्ट अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सीधे दुकान की ओर बढ़ गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, गोल्फ कार्ट दुकान के बाहर बने हिस्से से टकराते हुए अंदर जा घुसी। हादसे के समय वहां काफी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और नगर पालिका प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गोल्फ कार्ट चालक और संचालन व्यवस्था को लेकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
ब्रॉडवे ऑपटीकलस दुकान के मालिक अनीष अग्रवाल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि माल रोड पर गोल्फ कार्ट का संचालन पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के कारण बिना नियम-कानून के गोल्फ कार्ट संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गोल्फ कार्ट में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं और कई बार अनुभवहीन चालक भी इन्हें चला रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना था कि माल रोड जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में स्पीड ड्राइविंग बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि माल रोड पर गोल्फ कार्ट संचालन को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि संचालन जारी रखना है तो इसके लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं और उनका सख्ती से पालन कराया जाए। मजदूर संध के अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने कहा कि गौल्फ कार्ट का चालक कार्ट में चाबी लगाकर सामने खडी गैस की गाडी चालक से बात करने चला गसा तभी एक व्यक्ति ने कार्ट में चाबी घूमकर स्टार्ट कर दी और गोल्फ कार्ट अनियंत्रित हो गई । उन्होने कहा कि गोल्फ कार्ट में उस समय कोई नही था। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि वह पूर्व में ही माल रोड से गोल्फ कार्ट संचालन बंद कराने का प्रस्ताव पास कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गोल्फ कार्ट संचालकों ने कोर्ट से स्टे लिया हुआ है, जिसके कारण पालिका की कार्रवाई सीमित हो गई है। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी उन संगठनों और संचालकों की होगी, जो गोल्फ कार्ट का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका पहले ही सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

