रोमांचक मुकाबले में विनबर्ग स्कूल ने जीता अंडर-17 बास्केटबॉल खिताब

Blog
 Image


मसूरी। मसूरी स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन (एमएसएसए) के तत्वावधान में मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के बास्केटबॉल कोर्ट पर आयोजित आमंत्रण अंतर विद्यालयी अंडर-17 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विनबर्ग स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में विनबर्ग स्कूल ने वैंटेज हॉल को 20-16 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वैंटेज हॉल की टीम उपविजेता रही, जबकि गुरु नानक फिफ्थ सेंटेनरी स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। लीग आधार पर आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण, मजबूत रक्षात्मक रणनीति और बेहतरीन तालमेल के साथ अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में गुरु नानक फिफ्थ सेंटेनरी स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेजबान मसूरी इंटरनेशनल स्कूल को 18-9 के अंतर से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में विनबर्ग स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडियन पब्लिक स्कूल को 27-10 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।तीसरे मुकाबले में वैंटेज हॉल और मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन अंततः वैंटेज हॉल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 20-14 से अपने नाम किया। प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मुकाबला विनबर्ग स्कूल और वैंटेज हॉल के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले के दौरान कई बार ऐसा लगा कि परिणाम किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता है। खिलाड़ियों ने शानदार पासिंग, मजबूत रक्षा और बेहतरीन आक्रमण के जरिए दर्शकों को रोमांचित किया। निर्णायक क्षणों में विनबर्ग स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और संयम का परिचय देते हुए मुकाबले पर पकड़ मजबूत की। अंतिम सीटी बजने तक विनबर्ग स्कूल ने 20-16 की बढ़त बनाए रखी और चार अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर अंडर-17 प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता के दौरान सुनील एवं मयंक ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने सभी मुकाबलों का निष्पक्ष एवं सफल संचालन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए अनुशासन के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के उप प्रधानाचार्य ने विजेता, उपविजेता एवं प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए नियमित रूप से इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना भी सिखाते हैं।
इस अवसर पर मसूरी स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मिजान नेगी और उप सचिव वरुण रावत ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता विनबर्ग स्कूल सहित सभी प्रतिभागी टीमों और खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।